फारबिसगंज(अररिया)बिहार प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच की 38वीं प्रांतीय सभा एवं लघु अधिवेशन, मुंगेर में फारबिसगंज शाखा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। सत्र 2025-26 की इस सभा में फारबिसगंज की मुख्य शाखा और नवगठित संस्कृति शाखा ने मिलकर कुल 12 पुरस्कार अपने नाम किए और पूरे प्रांत में अपनी श्रेष्ठता साबित की।
सभा के दौरान प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक में महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की गईं। राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री सुरेश म जैन ने सीए निशांत गोयल को उनकी कार्यकुशलता के आधार पर ‘राष्ट्रीय संयोजक – युवा विकास एवं खेलकूद’ नियुक्त किया। वहीं शाखा अध्यक्ष गौरव जैन को ‘प्रांतीय संयोजक – युवा विकास एवं खेलकूद’ की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा विशाल गोल्छा को नवगठित ‘प्रांतीय बिजनेस फोरम’ का चेयरमैन बनाया गया।
फारबिसगंज मुख्य शाखा की उपलब्धियों में शाखा अध्यक्ष गौरव जैन को लगातार दूसरी बार ‘सर्वश्रेष्ठ शाखा अध्यक्ष’ का सम्मान मिला, जबकि सीए निशांत गोयल को ‘सर्वश्रेष्ठ प्रांतीय पदाधिकारी’ चुना गया। सचिव सौरव अग्रवाल, कोषाध्यक्ष नितेश अग्रवाल और प्रांतीय संयोजक आदर्श गोयल को ‘विशेष अध्यक्षीय सम्मान’ प्रदान किया गया। शाखा को ‘सर्वश्रेष्ठ सदस्य विस्तार’, ‘सर्वश्रेष्ठ युवा विकास’, ‘श्रेष्ठ कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर’, ‘वृक्षारोपण’ तथा ‘निस्वार्थ सेवा’ के लिए भी सम्मानित किया गया।
वहीं नवगठित फारबिसगंज संस्कृति शाखा ने भी अपने शुरुआती दौर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ‘नवगठित शाखा’ और ‘वृक्षारोपण’ के क्षेत्र में दो महत्वपूर्ण पुरस्कार हासिल किए।
इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष गौरव जैन ने कहा कि यह उपलब्धि सभी सदस्यों की मेहनत, समर्पण और सेवा भावना का परिणाम है। उन्होंने कहा कि टीम के सहयोग के बिना यह संभव नहीं था।
मारवाड़ी सम्मेलन फारबिसगंज के नगर अध्यक्ष बचराज जी रखेचा ने इस सफलता को पूरे शहर और समाज के लिए गौरवपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि युवाओं की इस उपलब्धि से समाज का मान-सम्मान बढ़ा है।
