बथनाहा (अररिया): बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में बथनाहा पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कजरा बांध क्षेत्र में छापेमारी कर लगभग 35 लीटर नेपाली शराब बरामद की है।
मामले की जानकारी देते हुए बथनाहा थानाध्यक्ष राजवीर साहू ने बताया कि पुलिस बल को देखते ही शराब तस्कर मौके का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने मौके से बरामद शराब को जब्त कर लिया है।
थानाध्यक्ष ने आगे बताया कि इस संबंध में थाना कांड संख्या 31/26 (दिनांक 02/03/26) के तहत, बिहार मद्य निषेध अधिनियम 2022 की धारा 30(क) के अंतर्गत अज्ञात तस्कर के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फिलहाल पुलिस फरार तस्कर की पहचान के लिए साक्ष्य संकलन कर रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
