फारबिसगंज : मारवाड़ी युवा मंच एवं मारवाड़ी युवा मंच संस्कृति शाखा, फारबिसगंज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 6 दिवसीय एक्यूप्रेशर स्वास्थ्य कार्यक्रम का शुभारंभ आज तेरापंथ भवन, आर.बी. लेन, फारबिसगंज में हुआ।
कार्यक्रम का उद्घाटन तेरापंथ सभा के अध्यक्ष महेंद्र बैद, समाजसेवी पिंटू गोयल, निशांत गोयल (राष्ट्रीय संयोजक, युवा विकास एवं खेलकूद, अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच), गौरव जैन (प्रांतीय अध्यक्ष, युवा विकास एवं खेलकूद, अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच), तथा मारवाड़ी युवा मंच फारबिसगंज के अध्यक्ष दिलीप गौतम के करकमलों द्वारा संपन्न हुआ।
इस अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच फारबिसगंज के सचिव सौरव अग्रवाल, कोषाध्यक्ष नितेश अग्रवाल एवं मारवाड़ी युवा मंच संस्कृति शाखा की अध्यक्ष मनीषा माहेश्वरी, सचिव मुस्कान गौतम, कोषाध्यक्ष कोमल अग्रवाल सहित मंच के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में राजस्थान से पधारे डॉ. एम. ए. चयनन (BAMS-AM) एवं उनकी विशेषज्ञ टीम द्वारा एक्यूप्रेशर, सुजोक, मैग्नेट थेरेपी एवं अन्य प्राकृतिक उपचार पद्धतियों के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श एवं उपचार प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के प्रथम दिन कुल 173 लोगों ने स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाया। उपस्थित लोगों ने उपचार पद्धति को उपयोगी एवं प्रभावी बताते हुए सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। सभी लाभार्थियों ने एक्यूप्रेशर चिकित्सा पद्धति को स्वास्थ्य के लिए लाभदायक बताया तथा शिविर की सराहना की।
मंच पदाधिकारियों ने बताया कि यह शिविर 24 जून से 29 जून 2026 तक प्रतिदिन आयोजित किया जाएगा, जिसमें अधिक से अधिक लोगों को प्राकृतिक एवं वैकल्पिक चिकित्सा पद्धति का लाभ प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम के प्रति शहरवासियों में उत्साह देखा जा रहा है तथा आगामी दिनों में और अधिक लोगों के जुड़ने की संभावना है।
