अररिया : बथनाहा -सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 56वीं वाहिनी, बथनाहा ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए एक सड़क दुर्घटना में घायल हुए तीन व्यक्तियों को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराकर उनकी जान बचाई।
प्राप्त जानकारी अनुसार गुरुवार शाम लगभग 6:45 बजे की है, जब बथनाहा-बीरपुर मार्ग पर 56वीं वाहिनी मुख्यालय के मुख्य द्वार से करीब 40 मीटर दूर एक टोटो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस दुर्घटना में पूर्णिया के जानकीनगर निवासी 50 वर्षीय अब्दुल कुदुस मास्टर समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही 56वीं वाहिनी की ड्यूटी ऑफिसर सहायक कमांडेंट मिस राशि भारद्वाज और निरीक्षक प्रवीण प्रभाकर ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश पर मुख्य द्वार पर तैनात गार्ड कमांडर और जवानों ने बिना समय गंवाए घायलों को संभाला और उन्हें तत्काल 56वीं वाहिनी के चिकित्सालय एवं संयुक्त अस्पताल, बथनाहा पहुँचाया।
अस्पताल में डॉ. श्री निवास गोंडा (कमांडेंट चिकित्सा) और डॉ. बीर बहादुर सिंह (द्वितीय कमान अधिकारी) की देखरेख में चिकित्सा टीम ने घायलों को तुरंत प्राथमिक उपचार प्रदान किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, प्राथमिक चिकित्सा के बाद सभी घायलों को उनके परिजनों के साथ बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
एसएसबी जवानों की इस त्वरित तत्परता की स्थानीय लोगों द्वारा सराहना की जा रही है।
