फारबिसगंज: शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण के प्रति समर्पित शिक्षकों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET), फारबिसगंज में प्रमंडल स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस गौरवपूर्ण कार्यक्रम में अररिया जिले के फारबिसगंज प्रखंड स्थित उच्च विद्यालय, बोकरा के गणित शिक्षक विश्वजीत कुमार को 'सर्वश्रेष्ठ शिक्षक सम्मान' से नवाजा गया।
यह सम्मान उन चुनिंदा शिक्षकों को प्रदान किया जाता है जो अपनी शिक्षण शैली में आधुनिक तकनीक और नवाचारों का समावेश कर बच्चों को आनंदमय एवं प्रभावी वातावरण में शिक्षा प्रदान करते हैं। विश्वजीत कुमार की इस उपलब्धि ने न केवल फारबिसगंज प्रखंड, बल्कि पूरे अररिया जिले का मान पूरे बिहार में बढ़ाया है।
उनकी इस उल्लेखनीय सफलता पर क्षेत्र में खुशी की लहर है। विद्यालय के प्रधानाचार्य मुजाहिद आलम सहित मोहम्मद सुफियान, इकराम आलम, इमरान आलम, इमरान अंसारी और प्राथमिक विद्यालय दरीघाट के प्रधान शिक्षक दिवाकर चौरसिया ने उन्हें बधाई दी। शुभचिंतकों और स्थानीय गणमान्य लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा व्यक्त की है कि वे इसी निष्ठा के साथ भविष्य में शिक्षा जगत में नए कीर्तिमान स्थापित करते रहेंगे। विश्वजीत कुमार का यह सम्मान अन्य शिक्षकों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बना है।
