जिला पदाधिकारी, अररिया विनोद दूहन के निर्देशानुसार पंचायत स्तरीय खेल प्रतियोगिता का सफल आयोजन दिनांक 10 अप्रैल 2026 से 11 अप्रैल 2026 तक जिले के विभिन्न पंचायतों में संपन्न हुआ। इस आयोजन में ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों एवं युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और खेल के प्रति अपने उत्साह का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के अंतर्गत कबड्डी, खो-खो, रस्साकशी, 100 मीटर दौड़, 200 मीटर दौड़ एवं लंबी कूद जैसी विभिन्न खेल विधाओं का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता बालक एवं बालिका वर्ग के अंडर-14, अंडर-16 एवं अंडर-19 आयु वर्गों में आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का परिचय दिया।
प्रत्येक पंचायत से खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया तथा विभिन्न खेल विधाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों एवं टीमों का चयन किया गया। टीम आधारित प्रतियोगिताओं में विजेता एवं उपविजेता टीमों को अगले स्तर की प्रतियोगिता हेतु चयनित किया गया है।
जिला प्रशासन द्वारा आयोजन के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गईं तथा प्रतियोगिता का संचालन सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं अनुशासित तरीके से किया गया।
जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी -सह- उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा, अररिया ने बताया कि जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार यह आयोजन किया गया। इस प्रकार के आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें उचित मंच प्रदान करने में महत्वपूर्ण सहायता मिलती है। साथ ही बच्चों एवं युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ती है, जिससे उनका शारीरिक एवं मानसिक विकास सुनिश्चित होता है। ऐसे आयोजन आपसी सहयोग, टीम भावना, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता के विकास में भी सहायक होते हैं।
इसके अतिरिक्त, पंचायत स्तर से ही प्रतिभाओं का चयन होने से उन्हें आगे प्रखंड, जिला एवं राज्य स्तर तक अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। इससे भविष्य में बेहतर खिलाड़ी तैयार होने की संभावना बढ़ती है, जो राज्य एवं देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
जिला प्रशासन ने इस सफल आयोजन में सहयोग करने वाले सभी पदाधिकारियों, कर्मियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की है।
