बथनाहा : आई एच एच एस एकेडमी, बथनाहा के प्रांगण में नोबेल मेडिकल कॉलेज टीचिंग हॉस्पिटल, विराटनगर (नेपाल) के सौजन्य से रविवार को एक भव्य निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन नगर परिषद जोगबनी की चेयरपर्सन श्रीमती रानी देवी ने किया।
शिविर में 20 से अधिक विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इस दौरान 200 से अधिक मरीजों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। साथ ही मरीजों को लैब टेस्ट, अल्ट्रासाउंड, डिजिटल एक्स-रे एवं ईसीजी जैसी आधुनिक जांच सुविधाएं भी निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।
अस्पताल की ओर से उप निदेशक डॉ. वंदना पौडेल, जनसंपर्क अधिकारी नवीन दाहाल, कैंसर विशेषज्ञ डॉ. सुमित सिंह, पेट एवं यकृत सर्जरी विशेषज्ञ डॉ. कुणाल विक्रम देव, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मीनाक्षी तथा बाल रोग एवं बाल हीमेटो-ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. नीरज निरौला सहित अन्य विशेषज्ञ चिकित्सक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की निदेशिका श्रीमती रोजी देवी ने उप निदेशक डॉ. वंदना पौडेल को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने शिविर के सफल संचालन में योगदान देने वाले सभी शिक्षकगणों तथा कक्षा नवमी एवं दशमी के छात्र-छात्राओं की सराहना की।
क्षेत्रवासियों ने इस स्वास्थ्य शिविर की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए इसे जनहित में एक सराहनीय पहल बताया।
