फारबिसगंज। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच, फारबिसगंज द्वारा “स्वास्थ्यम 2026” कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह आयोजन अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के राष्ट्रव्यापी अभियान “स्वास्थ्यम 2026 – हर घर योग, हर मन निरोग” के अंतर्गत आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मंच के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं समाजसेवियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया तथा युवाओं को योग को अपने दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर युवा निशांत गोयल - राष्ट्रीय संयोजक – युवा विकास एवं खेलकूद - अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच , युवा गौरव जैन- प्रांतीय संयोजक – युवा विकास एवं खेलकूद, मारवाड़ी युवा मंच फारबिसगंज के अध्यक्ष - युवा दिलीप गौतम, सचिव - युवा सौरव अग्रवाल एवं कोषाध्यक्ष - युवा नितेश अग्रवाल उपस्थित रहे। इनके साथ कुणाल केडिया, समाजसेवी आदर्श गोयल एवं जयंत पंडिया ने भी योगाभ्यास किया तथा उपस्थित युवाओं को योग के प्रति जागरूक और प्रेरित किया।
कार्यक्रम में मारवाड़ी युवा मंच संस्कृति शाखा की अध्यक्षा - मनीषा महेश्वरी, सचिव - कोमल अग्रवाल एवं कोषाध्यक्ष - मुस्कान गौतम की भी सक्रिय सहभागिता रही। साथ ही मोनिका बैद, मोनाली जैन, स्वर्णिमा गौतम, प्रियंका गौतम एवं रोजी जैन सहित अन्य सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को और अधिक सफल एवं प्रभावशाली बनाया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन, मानसिक शांति और आत्मिक संतुलन का माध्यम है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने में अपनी भागीदारी निभाएं।
मारवाड़ी युवा मंच, फारबिसगंज द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली के संदेश के साथ संपन्न हुआ।
