खराब मौसम भी नहीं रोक सका योग का उत्साह, बथनाहा में धूमधाम से मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस*आईएचएचएस एकेडमी परिसर में आयोजित योग महोत्सव में बड़ी संख्या में लोगों ने किया योगाभ्यास, स्वस्थ जीवन का दिया संदेश

News Bharatwarsh
0

बथनाहा (अररिया): खराब मौसम के बावजूद योग के प्रति लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। कोशी योग क्लब बथनाहा के तत्वावधान एवं आईएचएचएस एकेडमी के सौजन्य से 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। बारिश एवं मौसम की प्रतिकूल स्थिति को देखते हुए योग महोत्सव का आयोजन आईएचएचएस एकेडमी के इंडोर परिसर में किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर योगाभ्यास में भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कोशी सिंचाई प्रमंडल बथनाहा के कार्यपालक अभियंता सचिन कुमार, कोशी योग क्लब के संरक्षक सह शिक्षक राकेश कुमार, अध्यक्ष सुरेंद्र यादव, सचिव निर्मल पंडित, योग प्रशिक्षक शत्रुघ्न यादव एवं समाजसेवी चंद्रशेखर सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर योग प्रशिक्षक शत्रुघ्न यादव ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “लंबी आयु के लिए योग” के अनुरूप उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की एक प्रभावी पद्धति है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के साथ मानसिक शांति भी प्राप्त कर सकता है।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने कहा कि योग भारत की प्राचीन परंपरा और विश्व को दी गई एक अनमोल देन है। आज योग पूरी दुनिया में लोगों को स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित कर रहा है।
मौके पर जोगबनी नगर परिषद के वार्ड पार्षद पंकज मंडल, मिट्ठू सोनी, विशाल मंडल, कोशी योग क्लब के राजू मंडल, राजेश साह, मयंक शेखर सिंह, विश्वनाथ पंडित, मोद नारायण ठाकुर, अजय चौधरी, दीपक सिंह, ब्रजेश सिंह, सुनील गुप्ता, निर्मला देवी, मुकेश यादव, संतोष यादव, मदन दास सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
3/related/default