विश्व पर्यावरण दिवस पर फारबिसगंज में निकली जागरूकता रैली, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

News Bharatwarsh
0
फारबिसगंज (अररिया) 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार के निर्देशानुसार नगर परिषद फारबिसगंज एवं अनुमंडल प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में पर्यावरण संरक्षण एवं जागरूकता को लेकर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना तथा स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।
इस अवसर पर शहर के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा एक भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। रैली नगर परिषद क्षेत्र के सदर रोड सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। हाथों में पर्यावरण संरक्षण से जुड़े स्लोगन और तख्तियां लिए बच्चों ने लोगों को पेड़ लगाने, प्लास्टिक का कम उपयोग करने तथा स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया।

रैली का समापन ली अकादमी खेल मैदान में हुआ, जहां पर्यावरण संरक्षण को लेकर उपस्थित लोगों को शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्षा बीना देवी, अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) सहित नगर परिषद के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक एवं शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। यदि हम आज पर्यावरण के प्रति सजग नहीं हुए तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।
मौके पर नगरपरिषद अध्यक्षा बीणा देवी,अनुमंडल पदाधिकारी अभय कुमार तिवारी,
डीएसपी राज किशोर साह ,वाहिद अंसारी,जेडीयू जिला अध्यक्ष पवन मिश्रा,राजद नेता इ आयुष अग्रवाल,प्रकाश साह,ली एकेडमी प्रधानाध्यापिका नगमा रूही,प्रताप नारायण मंडल, एलएसफ से मनीष राज,राजू साह,विजय प्रकाश सहित सैकड़ों की संख्या में स्कूली बच्चे एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

"हमारा पर्यावरण, हमारी जिम्मेदारी" थीम के साथ आयोजित यह कार्यक्रम लोगों के बीच पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सफल रहा।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
3/related/default