विश्व पर्यावरण दिवस पर RITM एवं वन विभाग की संयुक्त पहल,पढ़े पूरी खबर

News Bharatwarsh
0
फारबिसगंज : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रुंगटा इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट (RITM), फारबिसगंज एवं अररिया वन प्रमंडल, अररिया तथा वन प्रक्षेत्र फारबिसगंज के संयुक्त तत्वावधान में पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता को समर्पित एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण एवं जलवायु परिवर्तन के प्रति लोगों को जागरूक करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ किया गया। इस अवसर पर श्री राज किशोर सिंह (डीएसपी, फारबिसगंज), श्री अभय कुमार तिवारी (एसडीएम, फारबिसगंज), श्रीमती वीणा देवी (अध्यक्ष, नगर परिषद, फारबिसगंज), डॉ. संजय प्रधान (निदेशक, MDMS), डॉ. रशीद हुसैन (प्राचार्य, RITM) एवं श्री एस. बी. कुमार (उप निदेशक, RITM) उपस्थित रहे। वन विभाग की ओर से बीट ऑफिसर बथनाहा श्री अमृत राज सहित अन्य वनकर्मी एवं विभागीय कर्मी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान विश्व पर्यावरण दिवस की थीम एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर विस्तृत चर्चा की गई। अतिथियों ने विद्यार्थियों एवं नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया तथा अधिकाधिक वृक्षारोपण, जल संरक्षण एवं स्वच्छता अपनाने का संदेश दिया।
“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत संस्थान परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में 100 से अधिक पौधों का रोपण किया गया। उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों, वनकर्मियों एवं गणमान्य नागरिकों ने पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया।
अपने संबोधन में डीएसपी श्री राज किशोर सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है तथा इसमें युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। एसडीएम श्री अभय कुमार तिवारी ने वृक्षारोपण को सामाजिक दायित्व बताते हुए प्रत्येक व्यक्ति से कम-से-कम एक पौधा लगाने एवं उसकी देखभाल करने की अपील की।
नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती वीणा देवी ने स्वच्छ एवं हरित शहर निर्माण में जनसहभागिता की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं वन विभाग के अधिकारियों ने वनों एवं जैव विविधता के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर आर. के. रुंगटा चैरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन श्री महाबीर प्रसाद रुंगटा ने अपने संदेश में कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि आज लगाए गए पौधे आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण, शुद्ध वायु एवं बेहतर जीवन का आधार बनेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों एवं युवाओं से प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने तथा “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण एवं सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। RITM एवं वन विभाग की इस संयुक्त पहल की क्षेत्र के शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने सराहना करते हुए इसे पर्यावरण जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
3/related/default