जन वितरण प्रणाली की दुकानों पर जिलाधिकारी की सख्ती, औचक निरीक्षण में दुकान मिली बंद, अनियमितता पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

News Bharatwarsh
0
Araria : जिले में जन वितरण प्रणाली के माध्यम से लाभुकों को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराने और पीडीएस व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु लगातार निरीक्षण एवं जांच अभियान चलाया जा रहा है। 

इसी कड़ी में गुरुवार को जिला पदाधिकारी, अररिया, श्री विनोद दूहन द्वारा रानीगंज प्रखंड अंतर्गत खरहट पंचायत की जन वितरण प्रणाली दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में जन वितरण प्रणाली विक्रेता सरयू विश्वास, अनुज्ञप्ति संख्या-22R/2016 की दुकान बंद पाई गई। 

वहीं, जन वितरण प्रणाली विक्रेता विश्वनाथन ऋषिदेव, अनुज्ञप्ति संख्या-20R/2016 की दुकान पर लाभुकों द्वारा 04 किलोग्राम प्रति व्यक्ति खाद्यान्न मिलने की शिकायत की गई। निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि विक्रेता के स्थान पर राजकुमार चौधरी नामक संचालन कर रहे थे। संबंधित विक्रेता को इस संबंध में कोई जानकारी नहीं थी।

मामले को गंभीरता से लेते हुए विधि-सम्मत कार्रवाई के लिए अनुमंडल पदाधिकारी, अररिया को निर्देशित किया गया है। निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने कहा कि लाभुकों के खाद्यान्न में किसी भी प्रकार की कटौती अथवा दुकान बंद रखने जैसी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मौके पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी अररिया एवं संबंधित पदाधिकारी गण उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
3/related/default