किराना पट्टी में जलजमाव से परेशान व्यापारियों की गुहार पर पहुंचे SDO अभय कुमार, 5 दिनों में व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश

News Bharatwarsh
0
फारबिसगंज। कृषि उत्पादन बाजार समिति फारबिसगंज की किराना पट्टी में जलजमाव एवं व्यापार संचालन में हो रही परेशानियों को लेकर व्यापारियों की शिकायत पर अनुमंडल पदाधिकारी अभय कुमार ने गुरुवार को मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली और जलजमाव सहित अन्य व्यवस्थाओं को बारीकी से देखा।

निरीक्षण के दौरान SDO ने मौके पर कार्य कर रही एजेंसी के प्रतिनिधि को तत्काल बुलाकर अगले पांच दिनों के भीतर व्यवस्था को दुरुस्त एवं सुदृढ़ करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि व्यापारियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और निर्माण एवं विकास कार्यों के साथ-साथ आम लोगों की सुविधा का भी ध्यान रखा जाना आवश्यक है।

मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी अभय कुमार ने कहा कि कृषि उत्पादन बाजार समिति के जीर्णोद्धार का कार्य लगातार प्रगति पर है। विकास कार्यों में सभी के सहयोग की आवश्यकता है। व्यापारियों को जिस भी प्रकार की समस्या का सामना करना पड़ रहा है, उसका जल्द से जल्द समाधान कराया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता की शिकायत या सूचना प्राप्त होती है तो उसकी जांच कराकर दोषी पाए जाने पर उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

SDO के मौके पर पहुंचने और समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन मिलने से किराना पट्टी के व्यापारियों में भी राहत की उम्मीद जगी है।

इस अवसर पर अनुमंडल कृषि पदाधिकारी राहुल कुमार सहित दर्जनों व्यापारी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
3/related/default