फारबिसगंज नगर परिषद क्षेत्र के फुलवरिया हाट में जलजमाव की गंभीर समस्या से त्रस्त स्थानीय दुकानदारों ने मंगलवार को सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। दुकानदारों ने अपनी मांगों के समर्थन में राम मनोहर लोहिया पथ को बांस-बल्ले से अवरुद्ध कर यातायात ठप कर दिया।
प्रदर्शनकारी दुकानदारों ने बताया कि फुलवरिया हाट परिसर में जलजमाव के कारण नारकीय स्थिति बनी हुई है। बारिश का गंदा पानी दुकानों में घुसने से न केवल व्यापार प्रभावित हो रहा है, बल्कि भीषण दुर्गंध और मच्छरों के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। दुकानदारों का आरोप है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर नगर परिषद के जनप्रतिनिधियों को कई बार मौखिक और लिखित आवेदन दिए, लेकिन आश्वासन के सिवाय उन्हें कुछ नहीं मिला।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक जलनिकासी की उचित व्यवस्था और पक्की सड़क का निर्माण नहीं कराया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। जाम के कारण राहगीरों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। फिलहाल, प्रशासन की ओर से अभी तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
मौके पर नाथू साह,दिलीप भगत,मो बंटी,मो शमशाद,संजय साह,मासूम,मो गुड्डू,सुमित साह,कालू दास,चंदन दास,मो अशफाक,रमेश चौधरी,कन्हैया चौधरी,उदय चौधरी,दिलीप स्वर्णकार,राजा सोनी,अशोक ठाकुर,मो दिलशाद,नंदकिशोर गुप्ता,अरविंद मेहता,मो सरफराज,राजन भगत,कन्हैया साह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
