मक्का बर्बाद, खेत खाली हो गए, लेकिन किसानों को अब तक नहीं मिला मुआवजा : प्रभात यादव

News Bharatwarsh
0
अररिया : मार्च महीने आए तेज आंधी-तूफान में फारबिसगंज प्रखंड क्षेत्र के सैकड़ों किसानों की मक्का फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई थी। सरकार की ओर से क्षतिपूर्ति मुआवजा देने की घोषणा के बाद अड़राहा, परवाहा, सैफगंज, मिर्जापुर, हरिपुर, मुसहरी, झिरूवा पछियारी और झिरूवा पुरवारी सहित दर्जनों पंचायत के किसानों ने ऑनलाइन आवेदन भी किया,लेकिन अब तक अधिकांश किसानों को किसी प्रकार की राहत नहीं मिल सकी है। स्थिति यह है कि खेतों में गिरी मक्का अब पूरी तरह कट चुकी है। कई किसानों ने खराब हो चुकी फसल को ट्रैक्टर से जोत दिया,जबकि कई किसानों ने मक्का को मवेशियों के चारे के रूप में इस्तेमाल कर लिया। किसानों का कहना है कि फसल बर्बाद होने के बाद उन्हें उम्मीद थी कि प्रशासन की ओर से जल्द सर्वे कर मुआवजा दिया जाएगा,लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।सामाजिक कार्यकर्ता सह सीमांचल मुक्ति मोर्चा अध्यक्ष प्रभात यादव ने जिला पदाधिकारी और जिला कृषि पदाधिकारी से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि कृषि सलाहकार और कृषि समन्वयक स्तर पर लापरवाही बरती जा रही है, जिससे प्रभावित किसानों को समय पर राहत नहीं मिल पा रही है। उन्होंने कहा कि किसानों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है और प्रशासनिक उदासीनता के कारण गरीब किसानों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। स्थानीय किसानों ने भी मांग की है कि जल्द से जल्द क्षति का सत्यापन कर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक राहत मिल सके।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
3/related/default