पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में तेजी लाने के निर्देश, लंबित ऋण आवेदनों का शीघ्र निष्पादन करें बैंक : जिलाधिकारी

News Bharatwarsh
0
अररिया : जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री सूर्यघर: मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा को लेकर समाहरणालय स्थित परमान सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी बैंकर्स, एलडीएम, विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता एवं सभी कनीय विद्युत अभियंता उपस्थित थे। 

बैठक का मुख्य उद्देश्य पीएम सूर्यघर: मुफ्त बिजली योजना के तहत घरेलू उपभोक्ताओं के घरों की छत पर सोलर पैनल अधिष्ठापन की प्रक्रिया में तेजी लाना तथा ऋण आवेदनों के शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करना रहा।

बैठक में जिला पदाधिकारी ने सभी बैंकों को निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत प्राप्त ऋण आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने ऋण आवेदनों के रिजेक्शन की स्थिति की विस्तृत समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि बिना किसी वैध कारण के किसी भी आवेदन को अस्वीकृत नहीं किया जाए। पात्र आवेदकों को समय पर ऋण उपलब्ध कराना सभी संबंधित बैंकों की जिम्मेदारी है।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि अब तक 15 स्वीकृत आवेदनों की ऋण राशि का वितरण (डिस्बर्समेंट) नहीं किया है, जिसे अविलंब करने का निर्देश दिया गया। जबकि लंबित 44 आवेदनों की जांच शीघ्र पूरी कर उन्हें स्वीकृति प्रदान करने का निर्देश दिया गया। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि योजना के तहत 02 लाख रुपये तक के ऋण के लिए केवल बैंक खाते का विवरण, बिजली बिल एवं भूमि के मालिकाना हक से संबंधित आवश्यक दस्तावेज ही अपेक्षित हैं, जिससे आवेदक को ऋण प्राप्त करने में अनावश्यक कठिनाई न हो।

जिलाधिकारी ने सोलर पैनल अधिष्ठापन में तेजी लाने के लिए कार्यपालक अभियंताओं को प्रशाखावार निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि सुनिश्चित करने तथा कनीय विद्युत अभियंताओं की नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी कनीय अभियंताओं को प्रतिदिन 02 नए इक्छुक आवेदकों से बैंक लोन हेतु आवेदन प्राप्त कराने तथा प्रत्येक पंचायत से पांच प्रबुद्ध लोगों को योजना का लाभ बताकर आवेदन कराने का भी लक्ष्य दिया। इस क्रम में ऋण की आवश्यकता पड़ने पर संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित कर ऋण भी स्वीकृत कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही उपभोक्ताओं को योजना के लाभों के प्रति व्यापक रूप से जागरूक करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इसकी नियमित समीक्षा की जाएगी।

बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत आम नागरिकों को अनुदानित दर पर अपने घरों की छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इससे बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आती है तथा अतिरिक्त उत्पादित बिजली को ग्रिड में भेजकर उपभोक्ता अतिरिक्त आय भी अर्जित कर सकते हैं।

बैठक में विद्युत कार्यपालक अभियंता श्री गौरव कुमार एवं श्री राजेश प्रियदर्शी, एलडीएम श्री इंदु शेखर, सभी सहायक अभियंता विद्युत, सभी बैंकों के शाखा प्रबंधक एवं उनके प्रतिनिधि तथा सभी कनीय विद्युत अभियंता उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
3/related/default