रेणु की धरती पर क्यों जुटे ग्रामीण? कानूनी अधिकारों से जुड़ी ऐसी जानकारी, जो हर नागरिक के लिए है जरूरी

News Bharatwarsh
0
फारबिसगंज (अररिया)। फारबिसगंज प्रखंड के औराही पूरब पंचायत सरकार भवन में शनिवार को एक विशेष विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम का आयोजन बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देश तथा जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार श्री गुंजन पांडेय और जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव श्री रोहित श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में किया गया।

शिविर में पैनल अधिवक्ता बिमल कुमार सिंह एवं पीएलवी प्रिंस कुमार ने उपस्थित ग्रामीणों को राष्ट्रीय लोक अदालत, निःशुल्क कानूनी सलाह एवं सहायता, आपदा पीड़ितों, मानसिक रूप से बीमार एवं दिव्यांग व्यक्तियों के लिए उपलब्ध विधिक सेवाओं, गरीबी उन्मूलन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी विस्तार से दी।

इसके अलावा बाल विवाह, बाल श्रम, दहेज प्रथा, तंबाकू सेवन के दुष्प्रभाव और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक रहने का संदेश भी दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि हर नागरिक को न्याय तक समान पहुंच दिलाना जिला विधिक सेवा प्राधिकार की प्राथमिकता है और जरूरतमंद लोग बिना किसी शुल्क के कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

कार्यक्रम में मुखिया कंचन देवी, सरपंच प्रतिनिधि रघुवीर राम, उपमुखिया अब्दुल्ला, वार्ड सदस्य ऐनुल मियां, सुबोध कुमार, नकुल पासवान, वार्ड सचिव मुश्ताक आलम, गणेश ऋषिदेव, अमर कुमार यादव, मुखिया प्रतिनिधि छबिलाल राम, ग्रामीण ओमप्रकाश यादव, नरेश यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। अंत में लोगों से अपील की गई कि किसी भी कानूनी समस्या की स्थिति में जिला विधिक सेवा प्राधिकार से संपर्क कर निःशुल्क सहायता का लाभ अवश्य उठाएं।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
3/related/default