फारबिसगंज में बड़े बदलाव की आहट,विधायक ने सीधे मुख्यमंत्री के सामने खोली माँगों की पिटारी,क्या बदलेगी क्षेत्र की तकदीर ?

News Bharatwarsh
0

फारबिसगंज। स्थानीय विधानसभा क्षेत्र के हरीपुर पंचायत सरकार भवन परिसर में आज एक दिवसीय 'सहयोग शिविर' कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर फारबिसगंज के विधायक मनोज विश्वास को माननीय मुख्यमंत्री जी का पौधा और शॉल भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में उन्होंने फारबिसगंज विधानसभा क्षेत्र की प्रमुख जनसमस्याओं और विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को माननीय मुख्यमंत्री के समक्ष बेहद मजबूती से रखा। उन्होंने क्षेत्र की चिरपरिचित और गंभीर समस्या—बाढ़ एवं सुखाड़ के स्थायी समाधान की मांग को प्रमुखता से उठाया। इसके साथ ही, क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था की बहाली, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, एक अत्याधुनिक मेडिकल महाविद्यालय तथा फारबिसगंज में एयरपोर्ट की स्थापना जैसी महत्वपूर्ण और दूरगामी मांगों को मुख्यमंत्री के सामने रखा।
संबोधन के अंत में उन्होंने पूर्ण विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि जनहित और जनभावनाओं से जुड़े इन सभी गंभीर मुद्दों पर राज्य सरकार द्वारा जल्द ही सकारात्मक निर्णय लिए जाएंगे, जिससे फारबिसगंज विधानसभा क्षेत्र विकास की एक नई ऊँचाई को छुएगा।
उन्होंने अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा, *"जनता की आवाज़ ही मेरी प्राथमिकता है और क्षेत्र का सर्वांगीण विकास ही मेरा एकमात्र संकल्प है।"* इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक और भारी संख्या में आम जनता उपस्थित रही, जिन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए उठाए गए इन कदमों की सराहना की।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
3/related/default