पूर्णिया : पेपर लीक प्रकरण के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और चार छात्रों को हिरासत में लिए जाने के बाद राजनीति गरमा गई है। छात्रों के समर्थन में उतरी कांग्रेस की केंद्रीय टीम ने शुक्रवार को विभिन्न स्तरों पर मामले की समीक्षा की।
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. रागिनी नायक और फॉरबिसगंज से जुड़े कांग्रेस विधायक नेता मनोज विश्वास ने हिरासत में लिए गए चारों छात्रों के परिजनों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और हरसंभव कानूनी व नैतिक सहयोग का भरोसा दिलाया।
इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने पूर्णिया के जिलाधिकारी (DM) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) से मुलाकात की। नेताओं ने छात्रों के खिलाफ दर्ज मामलों, उनकी शीघ्र जमानत और मामले में निष्पक्ष व न्यायपूर्ण कार्रवाई की मांग रखी। प्रतिनिधिमंडल ने आंदोलन स्थल का भी निरीक्षण किया।
कांग्रेस नेताओं ने लाठीचार्ज की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि पारदर्शी परीक्षा और अपने भविष्य के लिए आवाज उठा रहे निर्दोष छात्रों पर बल प्रयोग अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। लोकतंत्र में संवाद की जगह लाठी नहीं ले सकती। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि वह छात्रों के सम्मान और अधिकारों के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी।
