कभी- कभार बड़े- बड़े अधिकारी भी कैमरा देखकर फिसल से जाते हैं। उन्हें लगता है कि जैसे भी हो, फोटो खींचा लें। वीडियो बन जाए। कुछ ऐसा ही हुआ है, अररिया में जहां रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने पहुंचे डीआरएम साहब अचानक झाड़ू लगाने लगे लेकिन झाड़ू कहां लगाया अब उसे देखकर लोग हंस रहे हैं। डीआरएम साहब साफ सुथरी जगह पर झाड़ू लगा रहे हैं.
अररिया: कटिहार रेल मंडल के नव पदस्थापित मंडल रेल प्रबंधक शनिवार को किरेन्द्र नरह अधिकारियों के साथ जोगबनी स्टेशन पहुंचे। जहां उन्होंने रेलवे यार्ड, पिट लाइन का निरीक्षण किया और अधिकारियों से महत्वपूर्ण जानकारी ली। इस दौरान डीआरएम रनिंग रूम गए, जहां उन्होंने रनिंग स्टाफ के रहने की व्यवस्था को बारीकी से देखा। रेलवे यार्ड में बन रहे पिट लाइन और वाशिंग शेड, रेलवे स्टेशन यार्ड की जानकारी अधिकारियों से ली और कई दिशा निर्देश दिया। उन्होंने रेल यात्रियों की परेशानी देखते हुए बुकिंग काउंटर के पास पंखा लगाने की बात कही।
निरीक्षण के क्रम में बाहर स्टेशन परिसर आने पर डीआरएम किरेन्द्र नरह अधिकारियों के साथ हाथों में झाड़ू पकड़ लिया और परिसर में साफ- सफाई को लेकर झाड़ू लगाने लगे। भारत नेपाल बॉर्डर पर अंतिम रेलवे स्टेशन के रूप में प्रसिद्ध जोगबनी रेलवे स्टेशन पर साफ- सफाई को लेकर निर्देश देने लगे। अब जहां डीआरएम झाड़ू लगा रहे थे। वो जगह पूरी तरह साफ- सुथरी दिख रही है। डीआरएम बस यूं ही झाड़ू लगाते दिख रहे हैं। उनके साथ अधिकारी भी झाड़ू लगा रहे हैं। जो जगह पहले से साफ है, वहां झाड़ू लगाने का क्या मतलब है?
दिखावा के सिवा कुछ नहीं!
स्थानीय लोगों का कहना है कि ये महज एक निरीक्षण के नाम पर रुटीन विजिट होता है। इससे यात्रियों को कोई फायदा नहीं होता है। जोगबनी रेलवे स्टेशन के अलावा इस मंडल के स्टेशनों पर कई परेशानी है। आज तक उसे दूर नहीं किया गया। डीआरएम ने कहा कि जोगबनी रेलवे स्टेशन की साफ- सफाई से पड़ोसी मुल्क में एक अच्छा संदेश जाएगा और साफ- सुथरा स्टेशन को रखने के लिए यात्रियों से भी अपील की।
Post a Comment