अररिया : पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग, बिहार, पटना के निर्देशानुसार अररिया जिले के सभी प्रखंडों, नगर परिषदों, नगर पंचायतों एवं ग्राम पंचायतों में सूअरों में फैलने वाले खतरनाक रोग क्लासिकल स्वाइन फीवर से बचाव हेतु निःशुल्क टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है।
इस संबंध में जिला पशुपालन पदाधिकारी, अररिया द्वारा जानकारी देते हुए बताया गया कि यह अभियान आज दिनांक 20 मई 2026 से प्रारंभ किया गया है, जिसके अंतर्गत प्रतिदिन सुबह 8:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक टीकाकरण कार्य किया जाएगा।
जिले के सभी सूअर पालकों से अपील की जाती है कि वे अपने सूअरों का समय पर निःशुल्क टीकाकरण अवश्य करवाएं ताकि क्लासिकल स्वाइन फीवर जैसी गंभीर बीमारी से पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
इस अभियान के सफल संचालन हेतु सभी प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी, पशु चिकित्सक, टीकाकरण दल एवं संबंधित कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। टीकाकरण कार्य जिले के सभी पंचायतों एवं शहरी क्षेत्रों में संचालित किया जा रहा है।
यदि किसी क्षेत्र में टीकाकरण नहीं हो रहा हो अथवा टीकाकरण के दौरान किसी प्रकार की राशि की मांग की जाती है, तो इसकी शिकायत जिला पशुपालन कार्यालय, पदाधिकारी अररिया का मो०- 9430231842 अथवा पशुपालन निदेशालय, बिहार, पटना के दूरभाष संख्या 0612-2230942 पर किया जा सकता है।
