पूर्णिया।बिहार शिक्षा परियोजना परिषद, पूर्णिया के जिला स्तरीय कार्यालय द्वारा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (KGBV) में चतुर्थ वर्गीय कर्मियों के नियोजन को लेकर एक महत्वपूर्ण कार्यालय आदेश जारी किया गया है। राज्य परियोजना निदेशक के निर्देश और जिला नियोजन समिति की बैठक में लिए गए निर्णय के आलोक में योग्य अभ्यर्थियों की काउंसलिंग की तिथि और समय सारणी निर्धारित कर दी गई है। यह काउंसलिंग आगामी 25 मई 2026 से 30 मई 2026तक आयोजित की जाएगी।
आधिकारिक पत्र के अनुसार, काउंसलिंग का आयोजन डी०आर०सी०सी० (DRCC) भवन, पॉलिटेक्निक चौक, पूर्णिया में रोजाना पूर्वाहन 10:00 बजे से अपराहन 05:00 बजे तक होगा। इसमें रात्रि प्रहरी, अनुसेवक, मुख्य रसोइया और सहायक रसोइया के पदों के लिए तय क्रम संख्या के अनुसार अभ्यर्थियों को बुलाया गया है। यदि कोई अभ्यर्थी किसी गंभीर कारणवश निर्धारित तिथि पर उपस्थित नहीं हो पाता है, तो साक्ष्य प्रस्तुत करने के बाद उसे 1 जून 2026 को काउंसलिंग का अंतिम अवसर दिया जाएगा।
सभी अभ्यर्थियों को अपने आवेदन पत्र के साथ शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, आरक्षण व जाति प्रमाण-पत्र, निवास प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड, अनुभव और आय प्रमाण-पत्र जैसे सभी आवश्यक दस्तावेजों की तीन स्व-अभिप्रमाणित (Self-Attested) प्रतियां और मूल प्रति (Original Documents) साथ लाना अनिवार्य है। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पदवार सूची और काउंटर की जानकारी विभागीय वेबसाइट www.purnea.nic.in तथा www.beppurnea.org पर उपलब्ध करा दी गई है।
