बथनाहा। बिहार पुलिस के प्रथम बैच के 280 जवानों के 270 दिवसीय बुनियादी प्रशिक्षण का औपचारिक शुभारंभ मंगलवार, 25 अगस्त 2026 को सशस्त्र सीमा बल (SSB) 56वीं वाहिनी मुख्यालय, बथनाहा में किया गया। कार्यक्रम श्री नितिन कुमार गुप्ता, द्वितीय कमान अधिकारी/कमान अधिकारी, 56वीं वाहिनी के मार्गदर्शन एवं गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित हुआ।
इस अवसर पर कमान अधिकारी श्री नितिन कुमार गुप्ता ने नव-नामांकित जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण के दौरान अनुशासन, कड़ी मेहनत, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र सेवा की भावना को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए विश्वास जताया कि SSB के उत्कृष्ट एवं कठोर प्रशिक्षण वातावरण से गुजरने के बाद ये जवान बिहार पुलिस के दक्ष, सशक्त और समर्पित प्रहरी के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।
270 दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान जवानों को आधुनिक शस्त्र संचालन, शारीरिक दक्षता, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण तथा जनसेवा सहित पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों का सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण का उद्देश्य जवानों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ उन्हें कानून के प्रति सजग, अनुशासित और जनता के प्रति संवेदनशील पुलिसकर्मी के रूप में तैयार करना है। SSB के अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में यह प्रशिक्षण जवानों के व्यावसायिक कौशल को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
